Summer express/चंबा, मंजूर पठान-: उपमंडल चुराह की ग्राम पंचायत खुशनगरी में सामने आए नेगी राम हत्याकांड को लेकर मामला एक बार फिर गरमा गया है। पुलिस जांच से असंतुष्ट मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने कलोनी मोड़ पर चक्का जाम कर अपना विरोध दर्ज करवाया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच करवाने की मांग उठाई।
मृतक के परिजनों का कहना है कि घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं की अभी तक सही तरीके से पड़ताल नहीं की गई है। उनका आरोप है कि जांच के दौरान कुछ अहम तथ्यों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसके चलते उन्हें न्याय मिलने को लेकर आशंका बनी हुई है। परिजनों ने प्रशासन से मामले की दोबारा गंभीरता से जांच करवाकर घटना की पूरी सच्चाई सामने लाने की मांग की है।परिजनों के अनुसार, वे घटना के बाद से ही निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि अब तक पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से वे संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक जांच निष्पक्ष तरीके से आगे नहीं बढ़ती, तब तक उनका विरोध जारी रह सकता है।
वहीं, चक्का जाम में शामिल ग्रामीणों ने भी मृतक के परिवार का समर्थन किया। ग्रामीणों ने कहा कि यह बेहद संवेदनशील मामला है और इसकी जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।अब प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।