समर न्यूज | रायपुररानी
गांव रामपुर ठड़ियो की नदी में प्रस्तावित माइनिंग साइट का टेंडर न खोलने की मांग को लेकर सोमवार को सैकड़ों किसान समाधान शिविर में पहुंचे।
भारतीय किसान संघ पंचकूला के नेतृत्व में मोरनी और रायपुररानी क्षेत्र के 10 से अधिक गांवों के सरपंचों व मौजिज लोगों ने प्रशासन के समक्ष अपनी मांग रखी।
किसानों ने कहा कि नदी में माइनिंग शुरू होने से आसपास की कृषि भूमि प्रभावित होने की आशंका है। लगातार खनन होने से खेतों की मिट्टी और उपजाऊ जमीन को नुकसान पहुंच सकता है, जिससे किसानों की आजीविका पर भी असर पड़ेगा। किसानों ने प्रशासन से मांग की कि ग्रामीणों की सहमति के बिना रामपुर ठड़ियो नदी में माइनिंग साइट का टेंडर न खोला जाए।
इस दौरान ग्रामीण प्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र के किसान पहले ही प्राकृतिक आपदाओं और नदी से होने वाले नुकसान का सामना कर रहे हैं। ऐसे में नदी क्षेत्र में माइनिंग की अनुमति दिए जाने से खेती योग्य भूमि के साथ-साथ पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
मामले को लेकर एसडीएम मन्नत राणा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि सभी संबंधित लोगों की मंजूरी और आवश्यक प्रक्रिया पूरी किए बिना माइनिंग साइट नहीं खोली जाएगी। एसडीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपनी मांग पर प्रशासन द्वारा गंभीरता से विचार किए जाने की उम्मीद जताई।