मौके से पुलिस को मिले 6 खोल, पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का लिया जायजा
सागर पाहवा: मोहाली के फेज-10 में सोमवार रात उस समय दहशत फैल गई, जब मकान नंबर 2459 को निशाना बनाते हुए दो युवकों ने कथित तौर पर 6 से 7 राउंड फायर कर दिए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी।
पुलिस को मौके से 6 फायर किए गए कारतूसों के खोल बरामद हुए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार फायरिंग करने वाले दोनों युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।
थाना प्रभारी और डीएसपी ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित थाने के प्रभारी तथा डीएसपी सिटी-2 हरसिमरन सिंह बल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस कर्मचारियों से घटना को लेकर जानकारी हासिल की। पुलिस द्वारा फायरिंग के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच की जा रही है।
मकान मालिक को लेकर सामने आ रही जानकारी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मकान नंबर 2459 के मालिक का संबंध जुबली वॉक से बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
वहीं, सूत्रों के मुताबिक मकान मालिक के पार्टनर संयम डूडेजा से जुड़ा एक अन्य मामला भी सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि करीब तीन-चार दिन पहले उनके घर पर भी गोली चलने की घटना हुई थी। दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
लगातार फायरिंग की घटनाओं से उठ रहे सवाल
कुछ ही दिनों के अंतराल में एक ही कारोबारी समूह से जुड़े लोगों के ठिकानों पर फायरिंग की घटनाओं की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस के सामने कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग के पीछे आपसी रंजिश, कारोबारी विवाद या कोई अन्य कारण तो नहीं है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।