summer express , नारनौल। अवैध शराब की तस्करी के लिए तस्करों ने पुलिस को चकमा देने की कोशिश की, लेकिन उनकी योजना काम नहीं आई। सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने जाट गुवाना टोल के पास नाकाबंदी कर एक कैंटर को पकड़ा। कैंटर की तलाशी लेने पर हीरो साइकिल के डिब्बों के पीछे छिपाकर रखी गई 376 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने कैंटर चालक समेत राजस्थान के दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण के अनुसार सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम जाट गुवाना टोल के आसपास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संतोष निवासी ताल, थाना देवगढ़, राजस्थान और स्वर्ण निवासी गाजुना, राजस्थान एक कैंटर में भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर 152-डी के रास्ते गुजरात की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत नाकाबंदी कर संदिग्ध कैंटर को रुकवाया।
पुलिस ने कैंटर की शुरुआती जांच की तो आगे की तरफ हीरो साइकिल के डिब्बे रखे हुए थे। इससे वाहन में सामान्य सामान होने का आभास हो रहा था। पुलिस ने जब डिब्बों को हटाकर कैंटर की गहनता से तलाशी ली तो उनके पीछे शराब की पेटियां छिपी मिलीं। गिनती करने पर कुल 376 पेटी अवैध शराब बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से शराब से संबंधित वैध लाइसेंस और परमिट मांगा, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने कैंटर और बरामद शराब को कब्जे में ले लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत थाना सदर नारनौल में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे गुजरात में किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। पुलिस अवैध शराब की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।