summer express , नूंह। मिलावटी पनीर तैयार कर दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के बड़े शहरों में सप्लाई किए जाने की शिकायतों के बीच प्रशासन ने बृहस्पतिवार देर रात बड़ी कार्रवाई की। संयुक्त टीम ने पुन्हाना क्षेत्र में चार पनीर डेरियों पर छापेमारी कर करीब 7500 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी पनीर बरामद किया। कार्रवाई की सूचना फैलते ही क्षेत्र के अन्य डेरी संचालकों में भी हड़कंप मच गया। कई संचालकों ने कार्रवाई के डर से अपनी डेरियां बंद कर दीं।
जिले में पनीर की अवैध और कथित मिलावटी डेरियों को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं। 26 अगस्त को भी इस मामले को प्रमुखता से उठाया गया था। प्रशासन के अनुसार, जिले में तीन दर्जन से अधिक पनीर डेरियां अवैध रूप से संचालित होने की बात सामने आई है। वहीं, सरकार की ओर से पनीर तैयार करने पर एक साल के लिए प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद कुछ स्थानों पर इसका उत्पादन किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं।
छापेमारी के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास जागलान, एसडीएम अमित कुमार, सदर थाना प्रभारी नरेश कुमार, तहसीलदार संजीव नागर और प्रदूषण विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम ने युसुफ डेरी, खालिद-इसराईल डेरी, पंडित डेरी और सद्दाम डेरी नई पर जांच की। इस दौरान तैयार पनीर की बड़ी खेप बरामद हुई। अधिकारियों ने पनीर की गुणवत्ता और उसे तैयार करने में इस्तेमाल सामग्री की भी जांच की।
बताया जा रहा है कि पुन्हाना क्षेत्र की कुछ डेरियों में तैयार होने वाला पनीर दिल्ली, फरीदाबाद, गुरुग्राम, नोएडा, मथुरा समेत आसपास के बड़े शहरों में भेजा जाता है। प्रशासन को आशंका है कि नियमों का उल्लंघन कर तैयार किए जा रहे पनीर की सप्लाई के जरिए लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। इसी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा और प्रदूषण विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान बरामद पनीर को नष्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई। प्रशासनिक टीम ने पनीर को गड्ढे में दबाकर नष्ट करने की तैयारी की। वहीं, प्रदूषण विभाग के अधिकारियों ने मौके से जरूरी नमूने भी लिए, जिन्हें जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पनीर डेरी संचालकों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। कई संचालकों ने अपनी डेरियां बंद कर दीं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी नूंह राम निवास ने बताया कि सभी डेरी संचालकों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इससे पहले भी कई पनीर डेरियों को नोटिस दिए जा चुके हैं और हाल ही में तीन डेरियां बंद कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदूषण संबंधी नियमों के उल्लंघन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।