summer express , करनाल। घरौंडा में शुक्रवार सुबह एक युवक की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई। युवक उस समय दुकान पर सफाई कर रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे आरोपी ने उसके सिर पर रॉड से लगातार नौ वार किए। गंभीर चोट लगने के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
मृतक की पहचान बालीनगर निवासी 30 वर्षीय तेजबीर सिंह पुत्र सुभाष के रूप में हुई है। तेजबीर दुकान पर नौकरी करता था। शुक्रवार सुबह वह रोजाना की तरह दुकान की सफाई कर रहा था। इसी दौरान नेपाल निवासी उत्तम कुमार वहां पहुंचा और अचानक तेजबीर पर रॉड से हमला कर दिया।
हमले में तेजबीर जमीन पर गिर गया, लेकिन आरोपी ने इसके बाद भी उसके सिर पर लगातार रॉड से वार किए। बताया जा रहा है कि आरोपी ने करीब नौ बार उसके सिर पर हमला किया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन दुकान के बाहर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। लोगों ने आरोपी की पिटाई करने के बाद पुलिस को सूचना दी और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीसीटीवी फुटेज को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है, जिससे वारदात की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या के पीछे क्या कारण रहा, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है।