summer express , यमुनानगर। गांव अराइयांवाला में दर्दनाक हादसे में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से एक वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब बच्चे के माता-पिता पास ही स्थित नर्सरी में काम कर रहे थे। मृतक की पहचान सिद्धू के रूप में हुई है। वह तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था।
जानकारी के अनुसार, मूलरूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ जिले के गांव धोरावाला निवासी शिव बालक पिछले करीब 10 वर्षों से अराइयांवाला में परिवार के साथ रह रहा है। शिव बालक और उसकी पत्नी महिमा गांव में एक नर्सरी में काम कर रहे थे। इसी दौरान उनका एक वर्षीय बेटा सिद्धू खेलते-खेलते नर्सरी के पास सिंचाई के लिए बनाए गए पानी से भरे गड्ढे में जा गिरा।
बताया गया है कि गड्ढा करीब डेढ़ फीट गहरा था और उसमें पानी भरा हुआ था। कुछ देर बाद शिव बालक की नजर बच्चे पर पड़ी तो उसने तुरंत गड्ढे में उतरकर सिद्धू को बाहर निकाला। उस समय बच्चा बेहोशी की हालत में था। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, नर्सरी में सिंचाई के लिए बनाए गए पानी के गड्ढे में मासूम के डूबने की घटना ने सभी को झकझोर दिया है।