summer express , हीरानगर। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि उसने तरनाह नाले के रास्ते भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश की थी। सतर्क जवानों ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पाकिस्तानी नागरिक तरनाह नाले के क्षेत्र से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय सीमा में दाखिल होने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बीएसएफ जवानों की नजर उस पर पड़ गई और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। हिरासत में लिए गए व्यक्ति से बीएसएफ की टीम पूछताछ कर रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह भारतीय क्षेत्र में किस उद्देश्य से दाखिल होने की कोशिश कर रहा था और उसके पीछे कोई अन्य मंशा तो नहीं थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गईं। डीएसपी बॉर्डर और हीरानगर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद संबंधित एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी।
सुरक्षा के लिहाज से हीरानगर सेक्टर को संवेदनशील माना जाता है। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर क्षेत्र में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ के जवान अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
फिलहाल पकड़े गए पाकिस्तानी नागरिक की पहचान और उसके भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने के उद्देश्य को लेकर जांच जारी है। बीएसएफ के अलावा अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी उससे पूछताछ कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही घुसपैठ के प्रयास से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।