Summer express/नूरपुर,संजीव-:नूरपुर में मातृ-शिशु अस्पताल को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा विधायक रणवीर सिंह निक्का ने पूर्व विधायक अजय महाजन पर तीखा हमला बोला है। निक्का ने अस्पताल के काम का श्रेय लेने की होड़ का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि जब प्रदेश में चार साल तक कांग्रेस की सरकार रही, तब नूरपुर के इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को लेकर सरकार के सामने मजबूती से पक्ष क्यों नहीं रखा गया।निक्का ने कहा कि मातृ-शिशु अस्पताल का प्रोजेक्ट वर्ष 2016 में केंद्र सरकार से स्वीकृत हुआ था और यह नूरपुर की माताओं और बच्चों से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब चुनाव नजदीक आते ही अस्पताल को लेकर श्रेय लेने की राजनीति शुरू हो गई है।
सड़कों की बदहाली पर भी सरकार को घेरा
विधायक रणवीर सिंह निक्का ने नूरपुर और प्रदेश की सड़कों की खराब स्थिति को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने सरकार से आगामी दो महीनों में सड़कों की स्थिति सुधारने की मांग की। निक्का ने कहा कि प्रदेश में पिछले चार वर्षों से कांग्रेस की सरकार है, लेकिन विकास की जमीनी तस्वीर जनता के सामने है।
उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही नूरपुर के अस्पताल की याद आने लगती है। निक्का ने नूरपुर में कॉलोनी निर्माण और प्लॉट से जुड़े मामलों को लेकर भी पूर्व विधायक से जवाब मांगा।
कॉलेज भवन को लेकर भी सवाल
नूरपुर कॉलेज के निर्माणाधीन भवन को लेकर विधायक ने कहा कि उन्होंने विद्यार्थियों से जुड़े इस मुद्दे को विधानसभा में समय-समय पर उठाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कॉलेज भवन के मामले में छात्रों के हितों से किसी भी तरह का समझौता नहीं होने दिया जाएगा।
तबादलों की राजनीति का आरोप
निक्का ने प्रदेश में अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों को लेकर भी कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों से तबादलों की राजनीति हावी रही है। साथ ही उन्होंने आने वाले विधानसभा चुनाव में रेरा कॉलोनी और अन्य स्थानीय मुद्दों को लेकर राजनीति होने की आशंका भी जताई।
फिन्ना सिंह परियोजना पर भी सवाल
विधायक निक्का ने फिन्ना सिंह परियोजना को लेकर भी पूर्व विधायक अजय महाजन पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यदि यह परियोजना उनके पिता का ड्रीम प्रोजेक्ट थी, तो इतने वर्षों बाद भी यह पूरी क्यों नहीं हो पाई।निक्का ने पूर्व विधायक के खिलाफ तीखे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कॉलोनी और भूमि से जुड़े मामलों पर भी जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि जनता को अब तय करना है कि उसे विकास चाहिए या फिर केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति।