सहजप्रीत सिंह | लुधियाना
समर न्यूज
शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले वीआइपी इलाके सिविल लाइंस में जज की सरकारी रिहाइश में चोरी की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। क्लब रोड स्थित मकान नंबर 71 में ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी जज मिस नवनीत कौर की सरकारी कोठी में 10 सितंबर की शाम करीब 5:30 बजे एक व्यक्ति चोरी करने के इरादे से दाखिल हुआ। जानकारी के अनुसार, जज की सुरक्षा में तैनात गनमैन एएसआइ सरबजीत सिंह जब सरकारी रिहाइश पर पहुंचे तो उन्होंने एक व्यक्ति को घर के अंदर पड़ा पुराना सामान चोरी करते देखा। आरोपी कोठी में लगी पुरानी टोंटियां और लोहे का अन्य सामान निकाल रहा था।
गनमैन ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी दीवार फांदकर मौके से फरार हो गया। एएसआइ सरबजीत सिंह के बयान पर थाना डिवीजन नंबर आठ की पुलिस ने केस दर्ज किया।