शिमला,संजू-: जिला भाजपा अध्यक्ष केशव चौहान ने अपना जन्मदिन सादगी और सेवा भाव के साथ मनाया। उन्होंने जन्मदिन पर किसी बड़े आयोजन या केक काटने के बजाय कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच) पहुंचकर मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ समय बिताया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जाकर मरीजों का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।केशव चौहान ने उपचाराधीन मरीजों और उनके परिजनों को फल वितरित किए तथा हनुमान चालीसा भी भेंट की। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और स्वास्थ्य की जानकारी ली।
चौहान ने कहा कि जन्मदिन की खुशी तभी सार्थक होती है, जब इसे समाज के जरूरतमंद लोगों के साथ साझा किया जाए। सेवा और मानवता के कार्यों से मिलने वाली खुशी किसी भी बड़े समारोह से अधिक महत्वपूर्ण है।इसके बाद उन्होंने कृष्णानगर स्थित सिलाई सेंटर का दौरा किया और वहां काम कर रही महिलाओं के साथ भी जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। उन्होंने महिलाओं से बातचीत कर उनके कामकाज की जानकारी ली और उनके प्रयासों की सराहना की। सेवा के इस तरीके को भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भी सराहा।
जिला परिषद चुनाव में जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई
केशव चौहान ने हाल में हुए जिला परिषद चुनाव में भाजपा की जीत के लिए पार्टी के निर्वाचित सदस्यों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता सामूहिक मेहनत और संगठन के जमीनी स्तर पर किए गए कार्यों का परिणाम है।उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी और जिला शिमला की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशी जीत दर्ज करेंगे।इस मौके पर पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, चौपाल विधायक बलवीर वर्मा, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रीना समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।