summer express, बेलगावी। कर्नाटक के बेलगावी शहर के चवहतगल्ली इलाके में सोमवार देर रात एक घर में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा गणेश उत्सव के दौरान मार्केट पुलिस थाना क्षेत्र में हुआ।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, घर में आग रेफ्रिजरेटर में हुए धमाके के बाद लगी। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय घर में मौजूद परिवार के सदस्य अंदर ही फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। आग की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान 65 वर्षीय गजानन डमोने, 21 वर्षीय रोशन डमोने, 45 वर्षीय शारदा डमोने और 50 वर्षीय भारती राडमोने के रूप में हुई है। हादसे में 28 वर्षीय प्रिया डमोने और 25 वर्षीय गंगा डमोने गंभीर रूप से घायल हुई हैं। दोनों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि परिवार के अधिकांश सदस्य दिहाड़ी मजदूरी करते थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले 15 जुलाई को शिवमोग्गा शहर के ओल्ड मंडली औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक पेपर पैकेजिंग फैक्ट्री में भीषण आग लग गई थी। हादसे में करोड़ों रुपये का पैकेजिंग सामान जलकर राख हो गया था। आग बुझाने के लिए दमकल और आपातकालीन सेवाओं के 25 से अधिक कर्मचारियों को तैनात किया गया था। आग पर काबू पाने में एक घंटे से अधिक समय लगा था।