summer express,सिरसा। डबवाली क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ उसके जीजा द्वारा कथित तौर पर दुष्कर्म करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि 23 वर्षीय युवक ने अपनी 14 वर्षीय नाबालिग साली को धमकाकर उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया। इसके चलते नाबालिग करीब पांच माह की गर्भवती हो गई। परिजनों की शिकायत पर सदर डबवाली थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने कुछ समय पहले पीड़िता की बड़ी बहन से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद कुछ समय तक दोनों परिवारों के बीच नाराजगी रही, लेकिन बाद में रिश्ते सामान्य हो गए और परिवार का एक-दूसरे के घर आना-जाना शुरू हो गया। इसी दौरान आरोपी की नाबालिग साली पर कथित तौर पर गलत नीयत हो गई।
आरोप है कि युवक ने नाबालिग को जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। डर के कारण पीड़िता ने लंबे समय तक घटना की जानकारी अपने परिजनों को नहीं दी। हाल ही में उसके पेट में तेज दर्द होने पर परिजनों को मामले की जानकारी मिली। इसके बाद उसे चिकित्सकीय जांच के लिए ले जाया गया, जहां उसके पांच माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
घटना का पता चलने पर परिजन सदर डबवाली थाना पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(2)(एम), 332, 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
थाना प्रभारी दलीप सिंह के अनुसार, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर डबवाली अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।