summer express , राकेश कुमार शर्मा, करनाल। हरियाणा रोडवेज की चलती बस में ड्राइवर के मोबाइल फोन पर बात करते हुए बस चलाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में ड्राइवर फोन पर बातचीत करने के साथ बस को ओवरटेक करता हुआ भी दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि घटना के समय बस में करीब 60 यात्री सवार थे। एक यात्री ने ड्राइवर की इस लापरवाही का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो अधिकारियों तक पहुंचने के बाद रोडवेज विभाग ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में ड्राइवर बस चलाते समय लगातार मोबाइल फोन पर बात करता नजर आ रहा है। आरोप है कि वह करीब 10 मिनट तक फोन पर बातचीत करता रहा। इसी दौरान उसने बस को ओवरटेक भी किया। यात्री ने पूरी घटना अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो करनाल रोडवेज डिपो के महाप्रबंधक कुलदीप सिंह तक पहुंचा। अधिकारियों ने वीडियो में दिखाई दे रही बस की पहचान कर जांच की। जांच में पता चला कि बस असंध सब डिपो की थी और बाहरी से करनाल की ओर आ रही थी। इस बस पर ड्राइवर प्रदीप की ड्यूटी थी।
महाप्रबंधक कुलदीप सिंह ने बताया कि वीडियो 15 सितंबर की सुबह का है। वीडियो सामने आने के बाद ड्राइवर प्रदीप को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और उससे पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। ड्राइवर का जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
रोडवेज अधिकारियों ने सभी बस चालकों को वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।