summer express , करनाल। हैबतपुर पुल के पास नहर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता 80 वर्षीय सेवानिवृत्त चिकित्सक दौलत राम का शव बरामद हुआ है। बुजुर्ग के लापता होने के बाद परिजन और गोताखोर कई दिनों से नहर में उनकी तलाश कर रहे थे। निगदू थाना पुलिस को हैबतपुर पुल के पास नहर में शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान दौलत राम के रूप में की।
गोताखोर परगट सिंह ने बताया कि उन्हें डल्ला माजरा निवासी दौलत राम के लापता होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद परिजन नहर के किनारे पहुंचे थे। वहां बुजुर्ग की चप्पल, स्कूटी, चश्मा और मोबाइल फोन मिला था। इसके बाद से ही गोताखोरों की मदद से नहर में लगातार तलाश की जा रही थी।
परगट सिंह के अनुसार,निगदू थाना प्रभारी ने फोन कर हैबतपुर पुल के पास शव मिलने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। वहां आसपास के लोगों ने शव को नहर से बाहर निकाला हुआ था। कुछ देर बाद दौलत राम के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने शव की पहचान कर ली।
बताया गया कि दौलत राम ने पंजाब के मूनक में सरकारी विभाग में करीब 45 वर्ष तक सेवाएं दी थीं। सेवानिवृत्ति के बाद वह परिवार के साथ शाहाबाद में रह रहे थे। उनके नहर में मिलने से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर करनाल के मोर्चरी हाउस भेज दिया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।