Summer express/शिमला,संजू-: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। ढली पुलिस ने 6.5 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ दो युवकों को गिरफ्तार करने के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए इसके मुख्य सप्लायर तक पहुंच बनाई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंजाब के फाजिल्का जिले से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में अंतरराज्यीय नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
एएसपी शिमला मेहर पंवर के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को पुलिस थाना ढली की टीम भट्टाकुफर-ढली टनल मार्ग पर गश्त और अपराध रोकथाम ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका। कार में दो युवक सवार थे। चालक की पहचान 25 वर्षीय दुष्यंत वर्मा निवासी सुन्नी, जिला शिमला और दूसरे युवक की पहचान 24 वर्षीय अक्षय शर्मा निवासी आनी, जिला कुल्लू के रूप में हुई।वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों के कब्जे से 6.5 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस थाना ढली में अभियोग संख्या 84/2026 के तहत NDPS Act की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले को केवल स्थानीय स्तर की तस्करी तक सीमित न रखते हुए आरोपियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां खंगालनी शुरू कीं। जांच के दौरान पुलिस को कथित मुख्य सप्लायर अजय कुमार (24 वर्ष) के बारे में जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक अजय कुमार ने फाजिल्का क्षेत्र से हेरोइन हासिल की और बाद में मोहाली में अक्षय शर्मा को इसकी सप्लाई की थी।जांच में दोनों के बीच 10,500 रुपये के वित्तीय लेन-देन और फोन कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) से जुड़े साक्ष्य भी सामने आने की बात पुलिस ने कही है।इन साक्ष्यों के आधार पर ढली पुलिस की विशेष अन्वेषण टीम पंजाब रवाना हुई। टीम ने 14 सितंबर 2026 को गांव मोजेवाला, तहसील जलालाबाद, जिला फाजिल्का में दबिश देकर अजय कुमार को गिरफ्तार किया।पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस के अनुसार रिमांड के दौरान उससे पूछताछ कर नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी। मामले में आगामी जांच जारी है।