summer express ,जालंधर। केंद्रीय गृह मंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले जालंधर के कई प्रमुख निजी स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। अज्ञात स्रोत से भेजे गए इन ईमेल में स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों को गृह मंत्री के कार्यक्रम में बच्चों को नहीं भेजने की चेतावनी दी गई है।
धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। ईमेल में दावा किया गया है कि कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा में सेंध लगाकर बच्चों की जान को खतरे में डालने की साजिश रची गई है। संदेश में अभिभावकों से अपने बच्चों को कार्यक्रम से दूर रखने के लिए कहा गया है।
स्टेज और देवी तालाब मंदिर को निशाना बनाने की धमकी
धमकी भरे ईमेल में कार्यक्रम स्थल के मुख्य मंच पर बम लगाए जाने का दावा किया गया है। इसके अलावा जालंधर के प्रसिद्ध देवी तालाब मंदिर परिसर को भी किसी अत्याधुनिक डिवाइस या आईफोन की मदद से निशाना बनाने की धमकी दी गई है। संदेश सामने आने के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
कई स्कूलों को भेजा गया ईमेल
जानकारी के अनुसार, यह धमकी भरा ईमेल कैंब्रिज गर्ल्स स्कूल, अर्बन एस्टेट, कैंब्रिज इनोवेटिव स्कूल और एमजीएम स्कूल समेत शहर के कई अन्य शिक्षण संस्थानों को भेजा गया है। ईमेल में स्कूलों को कार्यक्रम के दौरान बच्चों को वहां नहीं भेजने की चेतावनी दी गई है।
साइबर टीम ने शुरू की जांच
धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने साइबर टीम को जांच में लगाया है। ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल और देवी तालाब मंदिर परिसर में सुरक्षा जांच तेज कर दी गई है। बम निरोधक दस्तों की मदद से दोनों स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ईमेल में किए गए दावों की जांच कर रही हैं और धमकी भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।