summer express , बहादुरगढ़। एसटीएफ रोहतक की टीम ने थाना आसौदा क्षेत्र में केएमपी अंडरपास के पास चार युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन पिस्तौल, मैगजीन और 21 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर गैंगस्टर हिमांशु उर्फ भाऊ गैंग से जुड़े नसीब उर्फ डाकु कुलासिया के संपर्क में थे और किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
पुलिस के मुताबिक, नसीब उर्फ डाकु कुलासिया गांव कुलासी का रहने वाला है और फिलहाल विदेश में होने की बात सामने आई है। एसटीएफ रोहतक के सहायक उप निरीक्षक संजय की शिकायत पर थाना आसौदा में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, कन्हैया पुत्र मनोज निवासी आसौदा, अर्जुन पुत्र रविन्द्र निवासी आसौदा, जतिन पुत्र जगदीश निवासी सुलतानपुर डबास और सौम्य पुत्र नरेश निवासी नजफगढ़, दिल्ली गांव आसौदा से जसौर खेड़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान केएमपी अंडरपास के पास एसटीएफ टीम को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। टीम ने वाहन रुकवाकर चारों युवकों को हिरासत में लिया और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान अर्जुन के कब्जे से एक पिस्तौल, मैगजीन और पांच कारतूस मिले। पिस्तौल अनलोड अवस्था में थी। कन्हैया से एक मैगजीन और छह कारतूस बरामद किए गए। सौम्य के पास से एक पिस्तौल, मैगजीन और पांच कारतूस मिले, जबकि जतिन से एक मैगजीन और पांच कारतूस बरामद हुए। इस तरह पुलिस ने कुल तीन पिस्तौल और 21 कारतूस बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी हथियारों से संबंधित कोई लाइसेंस या वैध परमिट पेश नहीं कर सके। पूछताछ में पुलिस को नसीब उर्फ डाकु कुलासिया के साथ उनके कथित संपर्क के बारे में जानकारी मिली है। पुलिस का आरोप है कि विदेश में रह रहा नसीब गैंग के नाम पर हत्या और फिरौती जैसी वारदातों को अंजाम देने के लिए युवकों को जोड़ रहा था। बरामद हथियारों को भी कथित तौर पर किसी वारदात के लिए उपलब्ध कराया गया था।
थाना आसौदा के एसएचओ जयभगवान ने बताया कि एसटीएफ रोहतक में तैनात एएसआई संजय की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।