summer express ,सुन्दर कुंडू ,पलवल। खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने बुधवार को पलवल अनाज मंडी का दौरा कर धान खरीद की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मार्केट कमेटी के चेयरमैन पंकज विरमानी और उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र छिल्लर भी मौजूद रहे। राज्य मंत्री ने मंडी में पहुंच रही धान की फसल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को किसानों को खरीद प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए।
गौरव गौतम ने कहा कि पलवल मंडी में धान की सरकारी खरीद वेयरहाउस द्वारा की जाएगी। फिलहाल मंडी में 1509 किस्म की धान की फसल पहुंच रही है और किसानों को इसके अच्छे दाम मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को मंडी में धान 4070 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका, जिससे किसान संतुष्ट नजर आए। उन्होंने कहा कि धान के भाव में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को धान खरीद के दौरान व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और किसानों व आढ़तियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से धान खरीद को लेकर पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
गौरव गौतम ने किसानों से अपील की कि वे रात के समय धान की कटाई से बचें। रात में कटाई करने से फसल में नमी की मात्रा बढ़ सकती है, जिससे किसानों को उपज का उचित भाव मिलने में परेशानी हो सकती है। उन्होंने किसानों से धान को अच्छी तरह सुखाकर और साफ करके मंडी में लाने की अपील की, ताकि फसल की समय पर खरीद हो सके और उन्हें उचित दाम मिल सकें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीद प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि खरीद प्रक्रिया के दौरान किसी अधिकारी के भ्रष्टाचार में संलिप्त होने की शिकायत सामने आती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसल का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाएगा और मंडी से धान की लिफ्टिंग भी निर्धारित समय पर कराई जाएगी।
खेलों को लेकर गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा की बेटियां लगातार विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरियाणा के युवा खिलाड़ियों में प्रतिभा, ऊर्जा और उत्साह की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी मैदान में उतरकर देश के तिरंगे का गौरव बढ़ाने के लक्ष्य के साथ खेलते हैं और आने वाले समय में भी हरियाणा के खिलाड़ी खेलों में बेहतर प्रदर्शन करते रहेंगे।