Summer express/हमीरपुर, अरविंद-:कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत हमीरपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने भी अभियान को गति देते हुए रथ यात्रा की शुरुआत कर दी है। जिला मुख्यालय स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से शुरू हुई यह यात्रा अगले आठ दिनों तक जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न गांवों का दौरा करेगी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों से संवाद कर मतदान और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता फैलाएंगे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती शर्मा ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ‘वोट बचाओ अभियान’ को बूथ और ब्लॉक स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह यात्रा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क करेंगे और उन्हें उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करेंगे।उन्होंने कहा कि आज आम जनता के मन में यह सवाल है कि उसके द्वारा डाला गया वोट सही तरीके से दर्ज हो रहा है या नहीं। कांग्रेस इसी मुद्दे को लेकर जनता के बीच जा रही है और लोगों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने का प्रयास कर रही है। पार्टी का आरोप है कि चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताओं से जुड़े सवालों का जवाब मिलना चाहिए।
सुमन भारती शर्मा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस लंबे समय से चुनावी पारदर्शिता और कथित वोट चोरी का मुद्दा उठा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर भी विपक्ष की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं और जनता को इन सवालों का स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए।उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र में भाजपा सरकार के कार्यकाल में लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में चिंता बढ़ी है। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और गांव-गांव संवाद के माध्यम से लोगों की आवाज को मजबूत करेगी।रथ यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता स्थानीय लोगों से चर्चा कर अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देंगे। पार्टी का कहना है कि यह अभियान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने का माध्यम बनेगा।