summer express,सुन्दर कुंडू ,पलवल। पलवल पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोहन नगर इलाके में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गांजा बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। सीआईए पलवल की टीम ने डॉग स्क्वायड के साथ मिलकर एक मकान पर छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, मौके से करीब 400 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।
एसआई मुकेश कुमार के मुताबिक, सीआईए प्रभारी और टीम को सूचना मिली थी कि मोहन नगर स्थित एक मकान में गांजे की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डॉग स्क्वायड के साथ मकान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान जसवंत पुत्र भगवान साह और दीपू पुत्र नंदकिशोर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मकान के अंदर गांजे की पुड़िया तैयार कर उन्हें ग्राहकों को बेच रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने दोनों को मौके पर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से करीब 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
एसआई मुकेश कुमार ने बताया कि आरोपी जसवंत के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। एसपी पलवल के निर्देश पर नशे के कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा कि नशे की तस्करी या बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।