summer express ,अंकुर कपूर,अंबाला। त्योहारी सीजन में रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यात्रियों को जहरखुरानी और चोरी जैसी घटनाओं से बचाने के लिए आरपीएफ और जीआरपी ने अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर संयुक्त जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान यात्रियों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।
जीआरपी थाना प्रभारी हरीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में यात्रियों से बातचीत कर उन्हें जहरखुरानी से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण जहरखुरानी के मामलों का खतरा भी बढ़ जाता है। कई बार बदमाश सहयात्री बनकर यात्रियों को खाने-पीने की चीजों में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर देते हैं और इसके बाद उनका सामान लेकर फरार हो जाते हैं।
हरीश कुमार ने यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान किसी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की कोई वस्तु न लें। यात्रियों को घर से लाया हुआ भोजन या रेलवे के अधिकृत स्टॉल से खरीदा गया सामान ही इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। उन्होंने कहा कि सफर के दौरान किसी अनजान व्यक्ति पर तुरंत भरोसा करने से बचें।
उन्होंने यात्रियों को संदिग्ध वस्तुओं को लेकर भी सतर्क किया। प्लेटफॉर्म या ट्रेन में कोई लावारिस बैग, सामान अथवा संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर उसे छूने के बजाय तुरंत आरपीएफ या जीआरपी को सूचना देने की अपील की गई। इसके अलावा यात्रियों से अपने पर्स, मोबाइल फोन और लगेज की विशेष सुरक्षा करने को कहा गया, क्योंकि भीड़ का फायदा उठाकर चोर सक्रिय हो सकते हैं।
जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह जागरूकता अभियान त्योहारी सीजन के दौरान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य यात्रियों को सतर्क कर जहरखुरानी, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं को रोकना है।