Summer express, मंजूर पठान , चंबा I हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में सर्दियों का मौसम शुरू होने के साथ ही वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग सतर्क हो गया है। ठंड बढ़ने के दौरान जंगलों में अवैध शिकार की आशंका को देखते हुए चुराह वन मंडल ने निगरानी बढ़ाने की तैयारी की है। इसके तहत रेंज स्तर पर विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो जंगलों में अवैध शिकार करने वालों पर नजर रखेंगी। वन विभाग की टीमें समय-समय पर गश्त करने के साथ रात के समय भी पेट्रोलिंग करेंगी, ताकि वन्यजीवों को शिकारियों से सुरक्षित रखा जा सके।
वन विभाग ने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपील की है। विभाग ने पंचायत प्रधानों से कहा है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई व्यक्ति अवैध रूप से वन्यजीवों का शिकार करता हुआ दिखाई दे या ऐसी किसी गतिविधि की जानकारी मिले, तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें। इससे समय रहते कार्रवाई कर अवैध शिकार पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
चुराह वन मंडल के डीएफओ सुशील कुमार गुलेरिया ने बताया कि सर्दियों का मौसम शुरू होने के मद्देनजर रेंज स्तर पर टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें क्षेत्र में निगरानी रखेंगी और अवैध शिकार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पंचायत प्रधानों से भी अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में होने वाली ऐसी गतिविधियों की जानकारी वन विभाग के साथ साझा करें, ताकि समय रहते शिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
वन विभाग का कहना है कि वन्यजीवों के संरक्षण और अवैध शिकार पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी और गश्त जारी रहेगी। स्थानीय लोगों की भागीदारी से जंगलों में वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।