Summer express, गुरुग्राम। भोंडसी क्षेत्र की रेयान एन्कलेव कॉलोनी में प्रॉपर्टी विवाद के चलते एक प्रॉपर्टी डीलर और उसके परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब आधा दर्जन युवकों ने रॉड और डंडों से प्रॉपर्टी डीलर की कार में तोड़फोड़ की और उनके साथ मारपीट की। घटना दोपहर उस समय हुई, जब वह बच्चों को स्कूल से लेकर घर लौट रहे थे। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके बेटे का अपहरण करने का प्रयास किया और उनकी बेटियों के साथ भी मारपीट की। हालांकि, उन्होंने समय रहते बच्चों को पास के एक फार्म हाउस में पहुंचाकर सुरक्षित कर दिया। भोंडसी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित सुरेश कुमार के अनुसार, हमले के दौरान आरोपी पहले उनकी बलेनो कार पर टूट पड़े और रॉड से वार कर गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद कार में मौजूद सुरेश कुमार और उनके बच्चों पर भी हमला किया गया। आरोप है कि हमलावर उनके बेटे को अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान सुरेश कुमार ने पास में स्थित फार्म हाउस में अपने परिचित के पास बच्चों को भेज दिया, जिससे वे सुरक्षित बच गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर भोंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में कुछ युवक कार पर रॉड से हमला करते और उसके शीशे तोड़ते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
सुरेश कुमार ने बताया कि वह मूल रूप से चरखी दादरी के रहने वाले हैं और कई वर्षों से अपने परिवार के साथ भोंडसी की रेयान एन्कलेव कॉलोनी में रह रहे हैं। वह पहले भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु की कंपनी में अकाउंटेंट के रूप में काम करते थे। वर्ष 2017 में नौकरी छोड़ने के बाद उन्होंने भोंडसी क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम शुरू कर दिया था।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले रेयान एन्कलेव में सड़क निर्माण का काम चल रहा था। उस दौरान उनका पड़ोस में रहने वाले कुछ युवकों के साथ विवाद हो गया था। उनका आरोप है कि इसी विवाद के बाद से आरोपी उनसे रंजिश रखे हुए थे। सुरेश कुमार को संदेह है कि हमलावरों ने पहले उनकी गतिविधियों की रेकी की और फिर योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कोई अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है।