Summer express/मंडी/धर्मवीर – हिमाचल प्रदेश में साहसिक पर्यटन को नई पहचान दिलाने वाले मंडी जिला के पैराग्लाइडिंग पायलटों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। मनाली के सोलंगनाला में आयोजित पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्री-वर्ल्ड कप प्रतियोगिता में मंडी के पायलटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई उपलब्धियां हासिल कीं। प्रतियोगिता में सराज क्षेत्र की स्पेणीधार पैराग्लाइडिंग साइट के पायलट मोहर सिंह ने 26 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि इसी साइट के अक्षय कुमार दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, नेपाल के अमन थापा तीसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा मंडी टूरिजम की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी भी अपने नाम की। बुधवार को विजेता टीम मनाली से मंडी पहुंची, जहां पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग की ओर से खिलाड़ियों का स्वागत किया गया।
इस दौरान टीम ने ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी विभाग के उपनिदेशक राजेंद्र शर्मा को सौंपी। उपनिदेशक ने विजेता खिलाड़ियों को पहाड़ी टोपी पहनाकर सम्मानित किया। टीम में मोहर सिंह, अक्षय कुमार, मनीष और चितर सिंह शामिल रहे। वहीं, स्पेणीधार पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन ने पर्यटन विभाग का आभार जताते हुए जिले में भविष्य में और अधिक साहसिक खेल गतिविधियां आयोजित करवाने की मांग उठाई। पर्यटन विभाग ने भी स्पेणीधार में पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिताएं शुरू करवाने की दिशा में प्रयास तेज करने की बात कही है। पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्री-वर्ल्ड कप में मंडी के पायलटों की इस उपलब्धि से जिले में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
प्रतियोगिता में करीब 45 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। स्पेणीधार पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के पायलट मोहर सिंह ने प्रतियोगिता में अपने प्रदर्शन की जानकारी दी, जबकि एसोसिएशन के सचिव निर्मल सिंह ने खिलाड़ियों को सहयोग देने के लिए पर्यटन विभाग का धन्यवाद किया। उन्होंने मंडी जिला में पैराग्लाइडिंग सहित अन्य साहसिक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के आयोजन की मांग भी रखी। वहीं, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के उपनिदेशक राजेंद्र शर्मा ने विजेता टीम को बधाई देते हुए बताया कि वर्तमान में मंडी जिला में तीन स्थानों पर पैराग्लाइडिंग गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। स्पेणीधार में पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। पंजीकरण पूरा होने के बाद यहां भी पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिताएं आयोजित करवाने की योजना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मंडी जिला में साहसिक पर्यटन को विस्तार देने के लिए पैराग्लाइडिंग समेत अन्य गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।