Summer express, भिवानी I शहर की ब्रह्मा कॉलोनी में आटा चक्की संचालक जितेंद्र (40) की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी लिव-इन पार्टनर, उसके प्रेमी और पिता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, तीनों ने मिलकर जितेंद्र की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद घटना को छत से गिरने का मामला दिखाने की कोशिश की गई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार की है। उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
मूल रूप से गांव खैरपुरा निवासी जितेंद्र ब्रह्मा कॉलोनी में रहकर आटा चक्की चलाता था। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि सोनू की कई साल पहले गांव मिरान में शादी हुई थी। पति के साथ अनबन होने के बाद उसने तलाक के लिए अर्जी दाखिल की थी। करीब साढ़े पांच साल पहले सोनू जितेंद्र के संपर्क में आई और दोनों साथ रहने लगे। इस दौरान उनके घर दो बेटियों ने जन्म लिया।
पुलिस के अनुसार, करीब एक साल पहले सोनू के पड़ोस में मेडिकल स्टोर चलाने वाले एक युवक के साथ उसके प्रेम संबंध बन गए। जब जितेंद्र को इस बारे में पता चला तो उसने विरोध किया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा। इसी विवाद के चलते सोनू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर जितेंद्र को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
बताया जा रहा है कि वारदात से पहले शाम सोनू ने अपने पिता सुरेश सुंडा को गांव बुद्धशैली से बुलाया। रात को जब जितेंद्र सो गया तो तीनों ने कथित तौर पर उसे छत से नीचे फेंक दिया। इसके बाद सोनू के प्रेमी और पिता ने चारपाई के पाए से जितेंद्र के सिर और शरीर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर फर्श पर फैले खून के निशान साफ किए, ताकि वारदात के सबूत मिटाए जा सकें। अगले दिन सुबह जितेंद्र के चाचा को सूचना दी गई कि वह छत से गिर गया है। हालांकि, पुलिस ने मामले की जांच के दौरान हत्या की आशंका के आधार पर कार्रवाई की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जरनैल सिंह ने बताया कि जितेंद्र की हत्या के आरोप में उसकी लिव-इन पार्टनर, उसके पिता और प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के दौरान तीनों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।