Summer express, महेंद्रगढ़ I हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में गर्म पानी से झुलसी दो साल की बच्ची की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामला सदर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। बच्ची को गर्म पानी से झुलसाने का आरोप उसके पिता पर लगा है। घटना के बाद बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां करीब आठ दिन तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, आरोप है कि बच्ची के ऊपर गर्म पानी डाला गया था, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। परिजन उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ लेकर पहुंचे। बच्ची की हालत गंभीर होने के कारण यहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया।
इसके बाद बच्ची को रोहतक स्थित पीजीआईएमएस में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा था। करीब आठ दिन तक उपचार के बावजूद बच्ची की जान नहीं बचाई जा सकी। उसकी मौत की सूचना मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। बच्ची को झुलसाने के मामले में उसके पिता पर आरोप लगाए गए हैं।