Summer express, सोनीपत। राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्याम धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। हरियाणा रोडवेज जल्द ही गोहाना से खाटूश्याम जी के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने जा रहा है। इस रूट पर 19 से 21 अक्टूबर तक बस का ट्रायल किया गया, जो सफल रहा। अब परिवहन मंत्री के कार्यक्रम के अनुसार बस सेवा के औपचारिक उद्घाटन की तारीख तय की जाएगी। उद्घाटन के बाद बस का नियमित संचालन शुरू हो जाएगा।
इस बस सेवा के शुरू होने से गोहाना और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को खाटूश्याम धाम पहुंचने में सुविधा होगी। यात्रियों को रास्ते में बार-बार बस बदलने की परेशानी से भी छुटकारा मिलेगा। रोडवेज की यह बस गोहाना से चलकर लाखनमाजरा, महम, भिवानी, जुई, लोहारू, पिलानी, चिड़ावा और सीकर होते हुए खाटूश्याम जी पहुंचेगी।
सुबह 10 बजे गोहाना से चलेगी बस
निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार, गोहाना से बस सुबह 10 बजे रवाना होगी। यह सुबह 11:15 बजे महम, दोपहर 12 बजे भिवानी और दोपहर 1:30 बजे लोहारू पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे झुंझुनू और शाम 5:30 बजे सीकर पहुंचते हुए शाम 6:15 बजे खाटूश्याम धाम पहुंचेगी।
वापसी में बस खाटूश्याम जी से सुबह 7 बजे रवाना होगी। यह सुबह 8 बजे सीकर और 10 बजे झुंझुनू पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे लोहारू और दोपहर 1:30 बजे भिवानी से होते हुए दोपहर 3:30 बजे गोहाना पहुंचेगी।
सोनीपत से शुरू बस सेवा का रूट बदला
इससे पहले सोनीपत बस अड्डे से भी खाटूश्याम धाम के लिए बस सेवा शुरू की गई थी। हालांकि, यात्रियों की संख्या कम रहने और बुकिंग अपेक्षाकृत कम होने के कारण इस बस का रूट बदलकर नारनौल तक कर दिया गया। यह बस सोनीपत से खरखौदा, सांपला, झज्जर और रेवाड़ी होते हुए नारनौल तक संचालित की जा रही है।
सोनीपत रोडवेज के महाप्रबंधक संजय कुमार ने बताया कि गोहाना से खाटूश्याम जी तक बस का तीन दिवसीय ट्रायल सफल रहा है। अब परिवहन मंत्री के कार्यक्रम के अनुसार उद्घाटन की तारीख निर्धारित की जाएगी। इसके बाद बस सेवा नियमित रूप से शुरू कर दी जाएगी।