राकेश कुमार शर्मा, करनाल। करनाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने नगर निगम के एक कर्मचारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राम सिंह के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता की दुकान की सेल डीड ट्रांसफर करवाने के बदले रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने लघु सचिवालय स्थित तहसील कार्यालय के बाहर जाल बिछाकर कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अपनी दुकान की सेल डीड ट्रांसफर करवाना चाहता था। आरोप है कि इस काम को पूरा करवाने के बदले नगर निगम कर्मचारी राम सिंह ने उससे 20 हजार रुपये मांगे। रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया। शिकायत के आधार पर एसीबी ने मामले की जांच की और आरोपी को पकड़ने के लिए योजना बनाई।
इसके बाद एसीबी करनाल की टीम ने लघु सचिवालय स्थित तहसील कार्यालय के बाहर जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान राम सिंह को कथित तौर पर शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
एसीबी करनाल के प्रभारी इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपी नगर निगम करनाल में कार्यरत है। उसके खिलाफ दुकान की सेल डीड ट्रांसफर करवाने के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि मामले में यह भी जांच की जाएगी कि कहीं किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका तो नहीं है। पूछताछ और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी कामकाज में रिश्वतखोरी पर अंकुश लगाने के लिए एसीबी लगातार कार्रवाई कर रही है। इस मामले में जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि कथित रिश्वतखोरी में आरोपी के अलावा किसी अन्य कर्मचारी या अधिकारी की भी संलिप्तता थी या नहीं।