Summer express, सुंदर कुंडू, पलवल। हरियाणा सरकार में खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने बुधवार को पलवल के हथीन गेट चौक स्थित पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क के सौंदर्यीकरण और शहर में चल रही विकास परियोजनाओं की जानकारी दी। साथ ही कांग्रेस पर निशाना साधा और ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान को दिल्ली में होने वाली एसओसी की बैठक में आमंत्रित किए जाने के मुद्दे पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
राज्यमंत्री गौरव गौतम ने बताया कि वार्ड नंबर 27 में बनाए गए इस पार्क का नाम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा गया है। पार्क में सौंदर्यीकरण के साथ ओपन जिम और कैनोपी बनाने का काम भी शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अटल जी की प्रतिमा लोगों को उनके योगदान और देश के निर्माण में निभाई गई भूमिका की याद दिलाती रहेगी। इससे आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।
गौरव गौतम ने कहा कि पलवल के विकास को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शहर की दीवारों पर चित्रकारी के माध्यम से सौंदर्यीकरण किया जा रहा है और चौक-चौराहों को बेहतर बनाया जा रहा है। इसके अलावा मॉडल सड़कें तैयार की जा रही हैं और खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए आधुनिक खेल स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि जिले में बिजली, पानी और सड़कों जैसी बुनियादी सुविधाओं पर कई सौ करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। आने वाले समय में पलवल में बड़ी विकास परियोजनाओं पर भी काम शुरू किया जाएगा।
पाकिस्तान को दिल्ली में होने वाली एसओसी बैठक में आमंत्रित किए जाने के सवाल पर खेल राज्यमंत्री ने कहा कि यह कूटनीति का विषय है। उन्होंने कहा कि आतंकवादी गतिविधियों के खिलाफ भारत अपनी ताकत दिखाता रहेगा। भाजपा के जिला अध्यक्षों की सुरक्षा हटाए जाने के मामले में उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्षों को सुरक्षा की आवश्यकता नहीं थी और सभी ने अपनी इच्छा से सुरक्षा हटवाई है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए गौरव गौतम ने आरोप लगाया कि पार्टी देश में भ्रम और अफवाह फैलाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यदि वोट चोरी के आरोप लगा रही है, तो उसे उन राज्यों में भी जवाबदेही तय करने की मांग करनी चाहिए, जहां उसकी गठबंधन सरकारें हैं। उन्होंने कहा कि देश भीड़तंत्र से नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था से चलता है।