Summer express, बिलासपुर ,सुभाष चंद। हिमाचल प्रदेश के विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी में करवा चौथ को लेकर उत्साह का माहौल है। त्योहार के मद्देनजर मंदिर क्षेत्र के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। बाजार में सजी रंग-बिरंगी कांच की चूड़ियां स्थानीय महिलाओं के साथ-साथ दूर-दराज से माता के दर्शन करने पहुंच रहीं श्रद्धालु महिलाओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
करवा चौथ के अवसर पर महिलाएं पारंपरिक शृंगार के लिए चूड़ियों की खरीदारी कर रही हैं। बाजार में विभिन्न रंगों और डिजाइनों की कांच की चूड़ियां उपलब्ध हैं। त्योहार के चलते दुकानों पर महिलाओं की आवाजाही बढ़ी है और खरीदारी का माहौल देखने को मिल रहा है।
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि करवा चौथ को ध्यान में रखते हुए वे विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद और राजस्थान के जयपुर से कांच की चूड़ियां मंगवाते हैं। इन शहरों की चूड़ियों की मांग त्योहार के दौरान अधिक रहती है। दुकानदारों के अनुसार, महिलाएं हर साल पारंपरिक कांच की चूड़ियों को पसंद करती हैं और इस बार भी बाजार में खरीदारी अच्छी बनी हुई है।
श्री नैना देवी में माता के दर्शन के लिए पहुंचने वाली श्रद्धालु महिलाएं भी पूजा-अर्चना के साथ बाजार में खरीदारी का आनंद ले रही हैं। करवा चौथ के कारण बाजारों में बढ़ी चहल-पहल से दुकानदारों में भी उत्साह है। त्योहार के नजदीक आने के साथ बाजार में रौनक और बढ़ने की उम्मीद है।