Summer express, रेवाड़ी। जिले में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार विभाग ने सख्ती तेज कर दी है। इसी कड़ी में शाम सुठानी, बनीपुर और बावल में करीब 12 एकड़ जमीन पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों में तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। इस दौरान 16 डीपीसी, 10 प्रीकास्ट चारदीवारी और कच्चे सड़क नेटवर्क को ध्वस्त किया गया।
इसके अलावा बावल में करीब तीन एकड़ क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित किए जा रहे मैरिज पैलेस पर भी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए निर्माण को गिराया।
यह अभियान जिला प्रशासन की ओर से नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में पुलिस बल की सहायता से चलाया गया। अवैध निर्माणों के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई से ऐसे निर्माण करने वालों और अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
जिला नगर योजनाकार नरेंद्र नैन ने आमजन से अपील की है कि नियंत्रित और शहरी क्षेत्रों में बिना अनुमति कोई भी निर्माण न करें। उन्होंने कहा कि किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले जिला नगर योजनाकार कार्यालय से उसकी वैधता की पुष्टि अवश्य कर लें। ऐसा करने से लोग संभावित विभागीय कार्रवाई और आर्थिक नुकसान से बच सकते हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का निर्माण शुरू करने से पहले सरकार के निर्धारित नियमों के अनुसार आवश्यक अनुमति लेना अनिवार्य है। विभाग ने लोगों से नियमों का पालन करने और अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से बचने की अपील की है।