एजेंसी | नई दिल्ली
भारत ने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के पहले सभ्यतागत संवाद मंच में भाग लेने के लिए पाकिस्तान सहित सभी सदस्य देशों को आमंत्रित किया है। तीन दिवसीय आयोजन 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में होगा।
पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत एवं संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को भी इसमें शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया है। हालांकि, पाकिस्तान की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि वह किस प्रतिनिधि को भेजेगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि स्थापित परंपरा के अनुसार एससीओ के सभी सदस्य देशों, संवाद साझेदारों और एक पर्यवेक्षक को आमंत्रित किया गया है। भारत की ओर से यह पहल ऐसे समय में हुई है, जब पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के संबंध तनावपूर्ण बने हुए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह निमंत्रण बहुपक्षीय मंच की प्रक्रिया का हिस्सा है। इस मंच का उद्देश्य एससीओ देशों के बीच साझा सभ्यतागत विरासत, कला, साहित्य, परंपराओं और सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा देना है।