Summer express/शिमला/ संजू -:हिमाचल प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए सुक्खू सरकार बड़ा आयोजन करने जा रही है। 31 अक्टूबर को शिमला में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय समारोह में प्रदेश के 419 खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले 51 खिलाड़ी, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले 368 खिलाड़ी शामिल हैं। इन सभी खिलाड़ियों को कुल 17 करोड़ 85 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। सरकार का दावा है कि नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि में 150 से 300 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है।
खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के लिए 13 करोड़ 55 लाख रुपये और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के लिए 4 करोड़ 30 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशों पर पिछले चार वर्षों में दूसरी बार खिलाड़ियों के सम्मान में इस तरह का समारोह आयोजित किया जा रहा है।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जापान में हाल ही में आयोजित प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को भी नियमानुसार पूरी पुरस्कार राशि दी जाएगी।जिलावार आंकड़ों की बात करें तो राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों में मंडी जिला 99 खिलाड़ियों के साथ पहले स्थान पर है। शिमला के 54, सोलन के 49, बिलासपुर के 37 और कांगड़ा के 28 खिलाड़ी सम्मानित होंगे। वहीं हमीरपुर से 24, ऊना से 19, कुल्लू और सिरमौर से 18-18, किन्नौर से 15 और चंबा से 7 खिलाड़ी शामिल हैं।खेल मंत्री के अनुसार प्रदेश में खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरियों में तीन प्रतिशत खेल कोटे का प्रावधान है। सरकार खिलाड़ियों को सम्मान के साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में भी प्रयासरत है।