Summer express/शिमला-: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम द्वारा सिरमौर जिला के रेणुका विधानसभा क्षेत्र के नौहराधार में नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन का लोकार्पण किया। 6.92 करोड़ रुपये की लागत से तैयार छह बिस्तरों वाले इस स्वास्थ्य केंद्र से क्षेत्र की 20 ग्राम पंचायतों और 47 गांवों के करीब 50 हजार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का प्रयास है कि लोगों को बेहतर उपचार के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों या प्रदेश से बाहर न जाना पड़े। नौहराधार सीएचसी के शुरू होने से स्थानीय लोगों को घर के नजदीक समय पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में दो चिकित्सा अधिकारियों और एक स्टाफ नर्स की नियुक्ति की गई है, जिससे मरीजों को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य संस्थानों में आधारभूत ढांचे और चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय अस्पतालों में केवल 35 प्रतिशत स्टाफ उपलब्ध था। वर्तमान सरकार का लक्ष्य 31 मार्च, 2027 तक प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की उपलब्धता 70 प्रतिशत से अधिक करना है।उन्होंने कहा कि चिकित्सा महाविद्यालयों, क्षेत्रीय अस्पतालों, जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर उपचार मिल सके।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि विद्यार्थियों को घर के समीप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए सीबीएसई स्कूल खोले जा रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संगड़ाह को सीबीएसई स्कूल बनाने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त उन्होंने क्षेत्र में प्रतिदिन पांच हजार लीटर क्षमता का मिल्क चिलिंग प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव पर विचार करने का आश्वासन भी दिया।इस अवसर पर स्थानीय विधायक एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने नौहराधार सीएचसी भवन जनता को समर्पित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस स्वास्थ्य केंद्र से क्षेत्र की करीब 50 हजार आबादी को सीधा लाभ मिलेगा और लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
