Summer express, नूंह (मेवात)। नूंह जिले के सदर थाना क्षेत्र के घासेड़ा गांव में गो-तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची क्राइम ब्रांच की टीम और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गो-तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
घायल आरोपी की पहचान दिलशाद उर्फ दिल्ला निवासी गांव सुडाका के रूप में हुई है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मौके से तीन गोवंश, एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया है। मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी को उपचार के लिए नूंह स्थित बलिदानी हसन खां मेवाती राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में भर्ती कराया गया है।
यह कार्रवाई नूंह क्राइम ब्रांच के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम पर फायरिंग और जवाबी कार्रवाई के बाद मामले की जांच की जा रही है। पुलिस बरामद हथियार और गोवंश के संबंध में भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।