Summer express, हिसार। बीकानेर मंडल में रेलपथ से संबंधित तकनीकी कार्यों के चलते दिसंबर में हिसार-बीकानेर रेलखंड पर रेल यातायात प्रभावित रहेगा। रेलवे की ओर से निर्धारित ब्लॉक के कारण इस मार्ग पर चलने वाली दो रेलसेवाओं के संचालन में बदलाव किया गया है। इसके तहत एक ट्रेन को पूरी तरह रद किया गया है, जबकि दूसरी ट्रेन के संचालन के दिनों और गंतव्य स्टेशन में परिवर्तन किया गया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 14898 हिसार-बीकानेर रेलसेवा 9 दिसंबर को संचालित नहीं होगी। इसके अलावा गाड़ी संख्या 14897 बीकानेर-हिसार रेलसेवा के संचालन कार्यक्रम में भी संशोधन किया गया है।
रेलवे के नए कार्यक्रम के मुताबिक, यह ट्रेन 2 और 9 दिसंबर के बजाय अब 1 और 8 दिसंबर को बीकानेर से रवाना होगी। हालांकि, इस दौरान ट्रेन का संचालन हिसार तक नहीं किया जाएगा। यह रेलसेवा केवल रतनगढ़ स्टेशन तक ही चलेगी। रतनगढ़ से हिसार के बीच ट्रेन का संचालन आंशिक रूप से रद रहेगा।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले संबंधित ट्रेन के संचालन और समय-सारणी की जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।