Summer express, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पानीपत-खटीमा हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा के छह युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद सीएनजी किट लगी कार में आग लग गई, जिससे उसमें सवार युवकों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। सभी मृतक हरियाणा के हिसार जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह एक कार शामली की ओर से मुजफ्फरनगर की तरफ आ रही थी। जब कार तितावी थाना क्षेत्र में जागाहेड़ी पुल के पास पहुंची तो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार डिवाइडर से टकराकर सड़क की दूसरी तरफ पलट गई। टक्कर के बाद कार में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते वाहन आग की लपटों में घिर गया।
हादसे की सूचना राहगीरों ने डायल 112 पर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तितावी थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार सवार छह युवकों की मौत हो चुकी थी।
तितावी थाना प्रभारी जयवीर सिंह ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक हरियाणा के हिसार जिले के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान अंकित (23), साहिल (22), अंकित (20), राहुल (24), अमन (23) और एक अन्य अंकित (22) के रूप में हुई है। इनमें से चार युवक गांव राखी खास के निवासी बताए गए हैं, जबकि अमन गांव मोठ और एक अन्य अंकित मोड गांव का रहने वाला था। सभी गांव नारनौंद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि सभी युवक हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह भीषण हादसा हो गया और उनकी यात्रा मातम में बदल गई।