Summer express/चिंतपूर्णी, विकास-: क्षेत्र की गंगोट पंचायत के मोइन गांव की होनहार बेटी अक्षिता शर्मा ने नीट-2026 की परीक्षा उत्तीर्ण कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अक्षिता ने हिमाचल प्रदेश में 215वां रैंक हासिल कर डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर में एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए प्रवेश प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि पर गांव में खुशी का माहौल है।
अक्षिता की शानदार सफलता पर महिला मंडल मोइन की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान महिला मंडल की प्रधान एवं वार्ड पंच विजय कुमारी सहित अन्य महिलाओं ने अक्षिता को सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। महिलाओं ने कहा कि अक्षिता की उपलब्धि पूरे गांव के लिए गर्व की बात है और इससे क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।अक्षिता के पिता चिंतपूर्णी में कन्फेक्शनरी की दुकान चलाते हैं, जबकि उनके दादा मास्टर मदन सेवानिवृत्त शिक्षक हैं और सेंटर हेड के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। बताया जाता है कि अक्षिता को डॉक्टर बनाने का सपना उनके दादा ने देखा था। अक्षिता ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति से इस सपने को साकार कर दिखाया है।सम्मान समारोह के दौरान अक्षिता ने महिला मंडल की सभी महिलाओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि गांव की महिलाओं से मिले स्नेह और आशीर्वाद से वह बेहद अभिभूत हैं। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी पूरी मेहनत और समर्पण के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखने का संकल्प लिया।अक्षिता की इस उपलब्धि से मोइन गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।