Summer express,सोलन। सोलन बाईपास पर गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रहे एक ऑटो ने दो कारों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ऑटो चालक समेत दो लोग घायल हो गए, जबकि दोनों कारों और ऑटो को काफी नुकसान पहुंचा है। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, ऑटो सोलन बाईपास से न्यू बस स्टैंड की ओर गलत दिशा में जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ऑटो चालक तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था और रास्ते में कई अन्य वाहनों के बेहद करीब से गुजर रहा था। इस दौरान कई वाहन चालक उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने ऑटो चालक और उसके साथ बैठे दूसरे व्यक्ति के शराब के नशे में होने की आशंका भी जताई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि ऑटो हिंदुस्तान सैनिटरी शोरूम से कुछ आगे मोड़ पर पहुंचा ही था कि सामने से आ रही दो कारों से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दुर्घटना में दोनों कारों और ऑटो को काफी क्षति पहुंची है।
गौरतलब है कि विश्वकर्मा दिवस पर लोग अपने वाहनों और औजारों की पूजा-अर्चना कर रहे थे। ऐसे अवसर पर हुए इस हादसे ने स्थानीय लोगों को चिंता में डाल दिया। घटना ने एक बार फिर यातायात नियमों की अनदेखी और गलत दिशा में वाहन चलाने से होने वाले गंभीर खतरे को सामने ला दिया है। स्थानीय लोगों ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।