Summer express, आरविंदर सिंह , हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश। भोटा चौक के पास नगर निगम के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में स्थित इलेक्ट्रिकल सामान के गोदाम में आग लगने से करीब आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग मंगलवार रात करीब 8:30 बजे श्री बालाजी एंटरप्राइजेज के गोदाम में लगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दुकान के मालिक पंकज शर्मा ने बताया कि रात के समय उनके एक पड़ोसी ने फोन कर गोदाम के अंदर से धुआं निकलने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंचे। इस दौरान दमकल विभाग को भी आग लगने की सूचना दे दी गई थी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया और कुछ समय बाद आग पर नियंत्रण पा लिया।
हालांकि, आग बुझाए जाने तक गोदाम में रखा इलेक्ट्रिकल सामान काफी हद तक जल चुका था। इसमें हीटर, पंखे और अन्य बिजली से जुड़े उपकरण शामिल थे। पंकज शर्मा के अनुसार आगजनी की इस घटना में लगभग आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है।
घटना पर व्यापार मंडल हमीरपुर के प्रधान सुमित ठाकुर ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में व्यापार मंडल और शहर के सभी व्यापारी पीड़ित दुकानदार के साथ खड़े हैं। उन्होंने प्रशासन से भी प्रभावित दुकानदार को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने की अपील की है।