Summer express, न्यूयॉर्क। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के ब्रुकलिन इलाके में एक निर्माण स्थल के पास तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद दमकल विभाग और बचाव दल ने बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कर्मचारी मलबा हटाकर उसमें फंसे लोगों की तलाश में जुटे रहे।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब चार बजे ब्रुकलिन के फ्लैटबुश इलाके में इमारत गिरने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। घटनास्थल से सामने आए हेलीकॉप्टर के दृश्यों में दमकलकर्मी भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाते और उसमें फंसे लोगों को तलाशते दिखाई दिए।
अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इसके अलावा छह लोगों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बचाव अभियान के दौरान शाम करीब 6:30 बजे राहतकर्मियों ने मलबे के नीचे दबे एक व्यक्ति को जीवित बाहर निकालने में सफलता हासिल की। बाहर निकाले जाने के समय व्यक्ति में हलचल दिखाई दे रही थी। बचाव दल ने बिना देरी किए उसे स्ट्रेचर पर लिटाया और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया।
निर्माण कार्य के दौरान हादसे की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ढही हुई इमारत के ठीक बगल वाले भूखंड पर निर्माण कार्य चल रहा था। वहां पहले से मौजूद एक मंजिला इमारत को निर्माण के लिए गिराया गया था और इसके बाद खुदाई का काम किया जा रहा था। इसी निर्माण गतिविधि के दौरान तीन मंजिला इमारत ढहने की घटना हुई। हालांकि, इमारत गिरने के वास्तविक कारणों का अभी आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हुआ है।
मेयर ने लोगों से सहयोग बनाए रखने की अपील की
न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने घटना के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से बयान जारी कर बचाव अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों से इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित परिवारों और समुदाय के सदस्यों के प्रति संवेदना और सहयोग बनाए रखने की अपील की।
फिलहाल बचाव दल मलबे में अन्य लोगों की तलाश कर रहा है। हादसे के बाद इलाके में राहत कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।