Summer express,नई दिल्ली। हरियाणवी डांसर और बिग बॉस फेम सपना चौधरी की शादीशुदा जिंदगी में चल रहा विवाद अब तलाक तक पहुंच गया है। सपना ने अपने पति और हरियाणवी गायक वीर साहू से अलग होने के लिए तलाक का केस दायर कर दिया है। एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान सपना ने खुद इस बात की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि फिलहाल तलाक की कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है, लेकिन यह होकर रहेगा। अब वह इस रिश्ते को आगे जारी नहीं रखना चाहतीं।
सपना ने बातचीत में कहा कि उन्होंने अपने रिश्ते को बचाने की पूरी कोशिश की थी, लेकिन शायद यह उनकी अपनी जिद थी। अब उन्हें लगता है कि यह रिश्ता आगे नहीं चल सकता। उन्होंने अपनी निजी जिंदगी के साथ-साथ करियर, सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग और दूसरी शादी जैसे मुद्दों पर भी खुलकर अपनी बात रखी।
सपना ने बताया कि एक समय वह पत्नी, मां, काकी और भाभी जैसी पारिवारिक जिम्मेदारियों में ही उलझकर रह गई थीं। इस दौरान वह अपने करियर और व्यक्तिगत विकास पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाईं। उनके अनुसार, वर्ष 2020 में उन्हें अपनी ग्रूमिंग और आत्म-विकास पर काम करना चाहिए था, लेकिन पारिवारिक रिश्तों और जिम्मेदारियों के बीच वह खुद के लिए समय नहीं निकाल सकीं।
दूसरी शादी के सवाल पर सपना ने कहा कि फिलहाल उनका ऐसा कोई इरादा नहीं है। भविष्य में यदि उन्हें कोई ऐसा व्यक्ति मिलता है, जो उनके लिए सही हो और उनके साथ जीवन बिताने के योग्य हो, तो वह इस बारे में विचार कर सकती हैं। हालांकि, अभी वह इस दिशा में कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहतीं।
सपना ने तलाक लेने वाले लोगों को सोशल मीडिया पर निशाना बनाए जाने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि किसी के निजी रिश्ते के बारे में पूरी जानकारी न होने पर दूसरों को टिप्पणी करने या फैसला सुनाने का अधिकार नहीं है। तलाक लेने वाले या तलाकशुदा लोगों को अपमानित करना गलत है। हर व्यक्ति को अपनी निजी जिंदगी के फैसले लेने की स्वतंत्रता होनी चाहिए।
अपने करियर का जिक्र करते हुए सपना ने कहा कि वह करीब 19 वर्षों से मनोरंजन जगत में सक्रिय हैं। शादीशुदा जिंदगी और मां की जिम्मेदारियों के बावजूद उन्होंने अपनी पहचान और करियर को बनाए रखा है। उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धियों का आकलन करने से पहले लोगों को उनके लंबे संघर्ष और सफर को समझना चाहिए।
सपना चौधरी ने 24 जनवरी 2020 को हिसार जिले के मदनहेड़ी गांव निवासी हरियाणवी गायक वीर साहू से गुपचुप शादी की थी। दोनों के दो बेटे हैं। पिछले काफी समय से उनके रिश्ते में अनबन और अलगाव की चर्चाएं सामने आ रही थीं।
जून 2026 में सपना ने दिल्ली की द्वारका महिला अदालत में घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत याचिका दायर की थी। इसमें उन्होंने वैवाहिक जीवन के दौरान मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए थे। सपना के अनुसार, परिस्थितियां बिगड़ने के बाद उन्हें ससुराल छोड़ना पड़ा था। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने अंतरिम आदेश जारी कर वीर साहू को अगली सुनवाई तक सपना से किसी भी माध्यम से संपर्क करने और उनके घर या कार्यस्थल के आसपास जाने से रोक दिया था। अब तलाक का केस दायर करने संबंधी उनके बयान के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में है।