Summer express, झज्जर। आठ वर्षीय बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में झज्जर की विशेष अदालत ने दोषी को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (एक्सक्लूसिव कोर्ट) मोना सिंह की अदालत ने पोक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत दोषी को सजा सुनाने के साथ कुल 18 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। इसके अलावा पीड़ित बच्ची के पुनर्वास और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) को छह लाख रुपये मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।
मामला बेरी थाना क्षेत्र का है। पुलिस को 20 मार्च 2025 को दी गई शिकायत के अनुसार, आठ वर्षीय बच्ची दोपहर करीब सवा दो बजे घर से सामान लेने के लिए दुकान पर गई थी। इसी दौरान रास्ते में एक व्यक्ति ने उसे खाने-पीने की चीज दिलाने का लालच दिया और हाथ पकड़कर एक कमरे में ले गया। आरोप था कि वहां उसने बच्ची के साथ गलत हरकत की और विरोध करने पर शोर मचाने की स्थिति में जान से मारने की धमकी दी।
बच्ची की चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे तीन युवकों ने मौके पर पहुंचकर उसे आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और सुरक्षित घर पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया और जांच पूरी होने पर अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया।
अदालत ने 18 नवंबर 2026 को आरोपी को दोषी करार दिया था। अब सजा के बिंदु पर फैसला सुनाते हुए पोक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत 20 साल का कठोर कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। बीएनएस की धारा 140(4) के तहत पांच साल की कैद और पांच हजार रुपये जुर्माना, धारा 351(3) के तहत पांच साल का कठोर कारावास तथा धारा 137(2) के तहत तीन साल की कैद और तीन हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई। अदालत ने स्पष्ट किया कि सभी मुख्य सजाएं एक साथ चलेंगी। जुर्माना जमा नहीं करने पर दोषी को अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
जिला न्यायवादी डॉ. अनुज दहिया के निर्देशानुसार अभियोजन पक्ष ने मामले में प्रभावी पैरवी की। लोक अभियोजक किरण चौधरी ने अदालत में साक्ष्य और गवाह प्रस्तुत किए। अभियोजन पक्ष के अनुसार, मार्च 2025 में दर्ज इस मामले में करीब एक साल छह महीने और 24 दिन में सुनवाई पूरी हुई और फैसला आया।
अदालत ने छह लाख रुपये की मुआवजा राशि को लेकर भी विशेष निर्देश दिए हैं। यह रकम किसी राष्ट्रीयकृत बैंक में अधिकतम ब्याज दर वाली सावधि जमा के रूप में रखी जाएगी। बच्ची के बालिग होने तक वह इस राशि को नहीं निकाल सकेगी और न ही इस पर कोई ऋण लिया जा सकेगा। बालिग होने पर पहचान और जन्मतिथि का सत्यापन करने के बाद बैंक या डाकघर उसे ब्याज सहित पूरी राशि सौंपेगा।