बठिंडा | बुधवार सुबह बठिंडा के बहमन पुल के पास एक चौंका देने वाली घटना सामने आई, जब एक होंडा इमेज़ कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। कार में एक ही परिवार के 11 सदस्य सवार थे, जिनमें छह मासूम बच्चे और पांच वयस्क शामिल थे।
हादसे की सूचना मिलते ही नौजवान वेलफेयर सोसायटी के स्वयंसेवक, पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया और सभी सवारों को समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया। हालांकि, एक बच्ची की हालत गंभीर है जिसे तुरंत सिविल अस्पताल, बठिंडा में भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि यह परिवार बस्ती नंबर 6, गांव बीड़ तालाब का निवासी है और किसी पारिवारिक समारोह से लौट रहा था। समय पर बचाव कार्य शुरू होने से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। स्थानीय प्रशासन और समाजसेवियों की तत्परता ने जानें बचा लीं।