हांसी | शहर में बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई के दौरान नकली घी बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया गया। CM फ्लाइंग टीम और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त छापेमारी में सैकड़ों लीटर नकली घी, ब्रांडेड कंपनियों के नाम वाले टीन व डिब्बे, और भारी मात्रा में घी पैकिंग सामग्री बरामद की गई।
यह फैक्ट्री नगर परिषद कार्यालय के पीछे गुपचुप तरीके से चल रही थी, जिसका संचालन अवैध रूप से किया जा रहा था।
कार्रवाई का नेतृत्व CM फ्लाइंग हिसार की प्रभारी उप निरीक्षक सुनैना रानी ने किया, जिनके साथ फूड सेफ्टी ऑफिसर पवन चहल और पुलिस टीम भी मौजूद रही। छापेमारी के दौरान मौके से नकली घी तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले रसायन, पैकिंग मटेरियल और खाली डिब्बों सहित बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की गई।
फैक्ट्री के पास गोदाम से मिला बड़ा स्टॉक
जांच के दौरान फैक्ट्री से सटे एक गोदाम का ताला खोला गया, जहां से हजारों लीटर घी और मसालों के खाली रैपर बरामद हुए, जिन्हें प्रसिद्ध ब्रांड्स के नाम पर बाजार में बेचने की तैयारी थी।
जांच के लिए लिए गए सैंपल, रिपोर्ट के बाद होगी कड़ी कार्रवाई
फूड सेफ्टी विभाग ने मौके से सैंपल इकट्ठा कर लैब भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने इस नकली घी को स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बताया है।