सोहना |सोहना-गुरुग्राम मार्ग पर स्थित घुनेला गांव के पास सिग्नेचर ग्लोबल की शहनाज सोसाइटी के एक फ्लैट में गुरुवार रात करीब 9 बजे भीषण आग लग गई। घटना के वक्त फ्लैट मालिक अपनी ड्यूटी पर गया हुआ था। जैसे ही स्थानीय लोगों ने फ्लैट से धुआं और आग की लपटें निकलते देखीं, तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
कंजेस्टेड रास्ते के कारण नहीं पहुंच पाई फायर ब्रिगेड
स्थानीय लोगों और सोसाइटी गार्ड्स का कहना है कि सोसाइटी का रास्ता बेहद संकरा होने के कारण दमकल वाहन मौके तक नहीं पहुंच सका। ऐसे में सोसाइटी के सुरक्षाकर्मियों ने स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक फ्लैट का सारा सामान जल चुका था और पूरा फ्लैट खाक हो गया।
फ्लैट मालिक का दर्द: ‘जिंदगी की पूरी पूंजी जल गई’
फ्लैट के मालिक ने बताया कि इस आग में उनकी जीवन भर की कमाई जलकर खाक हो गई। अब उनके पास बैठने तक की जगह नहीं बची है। सोसाइटी निवासियों का आरोप है कि बिल्डर द्वारा निर्माणाधीन मॉल के चलते एग्जिट गेट बंद कर दिया गया है, जिसकी वजह से कई बार फायर ब्रिगेड को अंदर आने में समस्या हो चुकी है। इस मुद्दे को कई बार उठाया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।
कोई जानी नुकसान नहीं, कारणों की जांच जारी
गनीमत रही कि आग लगने के वक्त फ्लैट खाली था, वरना जानी नुकसान भी हो सकता था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। अब देखना होगा कि बिल्डर व प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।