हरियाणा | हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश के कई जिलों में आंधी, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है। शुक्रवार सुबह पंचकूला में तेज बारिश दर्ज की गई। इसी के साथ मौसम विभाग ने राज्य के 18 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में जारी हुआ अलर्ट:
भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह (मेवात), फरीदाबाद, पलवल, गुरुग्राम, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, जींद, कैथल, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला।
महेंद्रगढ़ में सर्वाधिक वर्षा, 282 मिमी बारिश दर्ज
मौसम विभाग के मुताबिक प्री-मानसूनी सिस्टम आज रात से सक्रिय हो सकता है, जिससे अगले 4 से 5 दिन राज्य में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। अब तक राज्य में सामान्य से 9% अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है। सबसे ज्यादा बारिश महेंद्रगढ़ में 282 मिमी तक दर्ज की गई है।
आज से 25 जून तक बारिश के आसार
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 21 जून और 22 जून को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, 23 से 25 जून के बीच गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इससे दिन के तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
29 जून तक हरियाणा में पहुंच सकता है मानसून
मौसम विज्ञानियों का मानना है कि मौजूदा प्री-मानसूनी हलचलें इस बात का संकेत हैं कि हरियाणा में 29 जून तक मानसून प्रवेश कर सकता है। इस दौरान तापमान सामान्य से नीचे रहेगा और वातावरण में नमी बढ़ने की संभावना है।