Shimla — शिमला में आयोजित JOA-IT परीक्षा के दौरान ट्रैफिक जाम ने कई युवाओं की मेहनत पर पानी फेर दिया। देर से पहुंचे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश नहीं मिल पाया। परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे तय था, लेकिन शहर के विभिन्न हिस्सों में लगे जाम के कारण कई छात्र 10:35 बजे या उसके आसपास पहुंचे, जिन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया।
कुछ परीक्षा केंद्रों पर थोड़ी नरमी दिखाई गई, लेकिन अधिकांश स्थानों पर स्टाफ ने तय समय से देर में पहुंचे छात्रों को परीक्षा देने की अनुमति नहीं दी। इसको लेकर अभ्यर्थियों में गहरा रोष है। उनका आरोप है कि स्टाफ का व्यवहार असंवेदनशील था और ऐसे मामलों में थोड़ा मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाना चाहिए था।
अब अभ्यर्थी हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग से इस मामले में स्पष्टीकरण और उचित कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल आयोग की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।