चिंतपूर्णी, विकास शर्मा – रविवार को माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दर्शन के लिए जुटे भक्तों की लंबी कतारें लुधियाना धर्मशाला तक पहुंच गईं, जिसके चलते दर्शन की प्रतीक्षा में श्रद्धालुओं को 2 से 3 घंटे तक कतार में खड़ा रहना पड़ा।
भीड़ के बावजूद पूरे वातावरण में अनुशासन और श्रद्धा की मिसाल देखने को मिली। भक्तों ने कतार में रहते हुए लगातार माता रानी के जयकारे लगाए, जिससे माहौल भक्तिमय बना रहा। मौसम ने भी सहयोग दिया—हल्के मौसम और बादलों की छांव ने गर्मी से राहत दी और दर्शन सुगम बनाए।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा को सुनिश्चित करने में होमगार्ड व पूर्व सैनिकों की टीम ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने भीड़ को नियंत्रित रखते हुए दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा, जिसे न केवल श्रद्धालुओं बल्कि स्थानीय प्रशासन द्वारा भी सराहा गया।